संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम की ओर से नेहरू पार्क स्थित हॉल में योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डीएवी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने योग से स्वस्थ रहने संदेश दिया।
शिविर में डीएवी कॉलेज के योग विभाग से डॉ. स्मृति शर्मा, गुरमीत कौर और दिव्या तथा केसरी फिजियोथेरेपी योग सेंटर के योग प्रशिक्षक सीताराम केसरी ने योग क्रियाएं करवाईं और नियमित योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रतिभागियों को योग की सही विधि, श्वास नियंत्रण और नियमित अभ्यास के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
उन्होंने योगाभ्यास के माध्यम से शरीर को सक्रिय रखने, लचीलेपन में सुधार करने, श्वास पर नियंत्रण और मानसिक शांति बनाए रखने के महत्व को समझाया गया। नगर निगम की सोशल मीडिया सेल इंचार्ज मुक्ता ने योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में अनियमित दिनचर्या और तनाव के कारण लोग अपनी सेहत पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते।
डॉ. स्मृति शर्मा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर का लचीलापन बढ़ाने, मांसपेशियों को मजबूत बनाने, शारीरिक सक्रियता बनाए रखने और तनाव कम करने में मदद मिल सकती है।