संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाकरवाला में खंड स्तरीय कल्चरल फेस्ट का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने गिद्दा, रागनी, हरियाणवी गीत और स्किट की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान, यमुनानगर केएस संधावा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रिंसिपल मधुकर ने मुख्य अतिथि को पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि कल्चरल फेस्ट विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और मंच पर प्रस्तुति देने की क्षमता विकसित होती है। खंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों को अनुभव मिलता है और वे अपनी कमियों को दूर कर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
संधावा ने कहा कि हरियाणा के राजकीय विद्यालय शिक्षा के साथ खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की कमी नहीं है और वे किसी भी क्षेत्र में निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों से पीछे नहीं हैं। योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन और उपलब्ध सुविधाएं बच्चों की प्रतिभा निखारने में अहम भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर बीईओ अशोक धीमान, प्रिंसिपल सेवा सिंह, ममता धीमान, सरपंच योगेश कुमार, पूर्व सरपंच अशोक कुमार मौजूद रहे।
राजकीय विद्यालय बाकरवाला में उपस्थित मुख्य अतिथि व अन्य। आयोजक