दामला गांव के पास कार की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक दस दिन पहले ही एक लड़के का पिता बना था। घर में खुशी का माहौल था। लेकिन युवक की मौत से यह खुशी मातम में बदल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
छारी का माजरा निवासी 22 वर्षीय प्रदीप कुमार वीरवार रात को अपनी बाइक पर सवार होकर दामला किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह कुंजल-दामला के बीच पहुंचा तो सामने से आ रही तेज गति कार ने उसे टक्कर मार दी। जिस कारण बाइक सवार सड़क के बीचों-बीच जा गिरा और उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
दस दिन प्रदीप की पत्नी ने दिया था बेटे का जन्म
परिजनों ने बताया कि प्रदीप की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और 10 दिन पहले उसकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया। 10 दिन के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल संदीप कुमार का कहना है कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी।
सदर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात कार चालक पर केस दर्जकर लिया है। जांच की जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।