रादौर में अपनी मांगों को लेकर एसके रोड पर जाम लगाते किसान। भाकियू
रादौर। अनाज मंडियों में गेट पास न कटने के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन की ओर से रादौर में एसके रोड पर जाम लगाकर रोष प्रकट किया गया। गेट पास न कटने से गुस्साए किसानों ने सरकार व प्रशासन के विरूद्ध नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। किसानों ने समस्या का समाधान नही होने पर करीब एक घंटा जाम लगाया।
मंडी में गेट पास नहीं बनने के कारण एसके रोड पर दोनो ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई। मामले को लेकर एसडीएम रादौर नरेंद्र सिंह व मंडी सचिव राजीव चोपड़ा किसानों से बात करने के लिए मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि जब तक ऑनलाइन गेट पास नहीं कटते, तब तक प्रशासन की ओर से ऑफलाइन गेट पास काटे जाएंगे। जिसके बाद किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया। ऑफलाइन गेट पास कटने पर किसानों ने मंडी में अपनी गेहूं की फसल को आढ़तियों की दुकानों तक पहुंचाया। इस अवसर पर भाकियू जिला प्रधान संजू गुंदियाना ने बताया कि सोमवार को प्रदेशभर में मंडियों के ऑनलाइन गेट पास नहीं काटे गए। सर्वर डाउन था, जिससे किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। किसानों की परेशानी को देखते हुए यूनियन को मोर्चा संभालना पड़ा। इस दौरान जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना, युवा अध्यक्ष संदीप टोपरा, ब्लॉक प्रधान जोगिंद्र सिली, पूर्व ब्लॉक प्रधान नंबरदार सुरेश पाल, ईश्वर टोपरा, निर्मल कलेसरा, शुभम चमरोड़ी आदि मौजूद रहे। संवाद