संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली और सोच के कारण देश तेजी से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हर नागरिक को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना चाहिए ताकि भारत विदेशी वस्तुओं पर निर्भर न रहे।
सेवा पखवाड़े के तहत गांव रादौरी, नागल दोहली, अलाहर, अंटावा, भोगपुर और गुंदियाना सहित कई गांवों में पहुंचे श्याम सिंह राणा ने कहा कि भाजपा का नेतृत्व सशक्त और निष्ठावान है, जिसके कारण देश और प्रदेश विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और वे जनता की समस्याओं को हल करने के लिए सेवक की तरह काम कर रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को आमंत्रित करते हुए कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर रादौर की अनाज मंडी में सुबह की सैर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। सेवा पखवाड़े के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेता बच्चों को कृषि मंत्री ने सम्मानित किया।
इस दौरान विद्यालय प्रिंसिपल ने मिड-डे-मील शेड निर्माण की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार, भाजपा मंडलाध्यक्ष आदेश राणा, वरिष्ठ नेता रूपिंद्र सिंह, पूर्व सरपंच गोपाल कृष्ण, अलाहर के सरपंच रजत कांबोज, संजीव कुमार, हरिचंद, हुकम चंद कांबोज उपस्थित रहे।