व्यासपुर। कपालमोचन मेले के समापन के बाद वीरवार को भी स्थानीय श्रद्धालुओं की भीड़ मेले में जुटी। लोगों ने जमकर खरीदारी की व झूलों का आनंद लिया। लेकिन मेला प्रशासन व पुलिस कार्तिक स्नान के बाद मेला से नदारद हो गया। वहीं भीड़ उमड़ने से व्यासपुर रोड पर जाम की स्थिति रही। दिनभर लगे जाम में फंसकर लोग परेशान होते रहे। व्यासपुर निवासी रचना अपने परिवार के साथ मेला में घूमने के लिए गई थी। भारी भीड़ के चलते उधम सिंह तिकोने के पास उनका पर्स जेबकतरों ने काट लिया। पर्स में करीब 4500 रुपये थे। रचना ने बताया कि उसने आसपास देख तो कोई महिला या पुरुष पुलिस कर्मचारी नजर नहीं आया। वीरवार को हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा रामभरोसे रही।
पूरे मेला क्षेत्र में न तो कोई पुलिसकर्मी और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी नजर आया।
मेले की मुख्य सड़क पर वाहनों की गि कछुआ चाल में रही। घंटों वाहन जाम में फंसे रहे। पुलिस प्रबंध न होने के कारण वाहन चालक गाड़ियों को आड़ी तिरछी चलाकर जाम का कारण बनते रहे।
मेला प्रशासक एवं एसडीएम जसपाल सिंह गिल का कहना है कि आज भी मेले में स्थानीय श्रद्धालु खरीदारी के लिए आ रहें है। धीरे-धीरे दुकानदार व ठेकेदार अपना समान समेटने लगे है। उन्होंने बताया कि सफाई कार्य के ठेकेदार को खाली जगह पर सफाई के लिए कर्मचारी लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं। सफाई कर्मचारी को मेला क्षेत्र की सफाई का ठेका दिया हुआ है। जल्द ही पूरे मेला क्षेत्र की सफाई करवा दी जाएगी।