संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की संयुक्त हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही। इस दौरान संयुक्त राज्य कार्यकारिणी की बैठक में हड़ताल को 15 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
अग्निशमन यूनियन के राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि कर्मचारी भवन में हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण के बाद विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें राजनीतिक एवं सामाजिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, कर्मचारी-मजदूर संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
गोष्ठी में सफाई और फायर कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा होगी। इसी दिन हड़ताल आगे बढ़ाने अथवा अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाने का निर्णय लिया जाएगा। गुलशन भारद्वाज ने कहा कि 17 अगस्त से पालिका और फायर कर्मचारी विधायकों, सांसदों, राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, निकायों के सदस्यों, चेयरमैनों और महापौरों से संपर्क करेंगे।
सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से भी आंदोलन का समर्थन मांगा जाएगा। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, कर्मचारी, मजदूर और किसान संगठनों से बातचीत कर बड़ी महापंचायत आयोजित करने की तैयारी भी की जाएगी। प्रधान विजेंद्र सिंह, जिला कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने 13 मई को हुई वार्ता में मानी गई मांगों से पीछे हटकर कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है।
उन्होंने कहा कि बैठक में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, खाली पदों पर नियमित भर्ती, फायर कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता व नौकरी, अनुबंधित ड्राइवरों और फायरमैनों को पक्का करने तथा वर्दी भत्ते सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी। आरोप लगाया कि 22 मई को उच्च न्यायालय में दिए शपथपत्र में सरकार ने इन मांगों से इन्कार कर दिया। इस मौके पर सचिव रिंकू कुमार, तेजिंद्र सिंह, विक्की वालिया, कंवलजीत सिंह, जगविंद्र, कुलदीप, विजय, विक्रम, संदीप, राजेश, प्रिंस कुमार, सुभाष, बलकार, देसराज, हरमिंद्र सिंह, अमित मौजूद रहे।