संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जोड़ियो स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम के दौरान हादसे में मजदूर की मौत हो गई। एयर प्रेशर मशीन से सफाई करते समय तेज दबाव नाक और मुंह में जाने से उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान झारखंड के जिला पलामू के गांव मोहनडंडवा निवासी 31 वर्षीय जुबरैल अंसारी के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों का पिता था और पिछले करीब तीन वर्षों से यमुनानगर में रहकर प्लाईवुड फैक्टरी में काम कर रहा था। फर्कपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि जुबरैल फैक्टरी में कोर ड्राई को सुखाने का काम करता था। वह फैक्टरी परिसर में बने क्वार्टर में अपने रिश्तेदार मोहम्मद अली के साथ रह रहा था। बुधवार शाम काम खत्म होने के बाद वह एयर प्रेशर मशीन से सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसने मशीन से अपने कपड़े साफ करने शुरू किए। बताया जा रहा है कि अचानक तेज एयर प्रेशर उसकी नाक और मुंह में चला गया, जिससे शरीर के अंदर गंभीर चोट पहुंची और चेहरे पर सूजन आ गई।
कुछ ही देर में वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद साथी मजदूर तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से फैक्टरी कर्मियों में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों को सूचना देने के बाद उनके पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है।