जगाधरी। शांति कॉलोनी बस्ती की ओर से रविवार को हनुमान गेट पर हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान आजात आश्रम गीता धाम नुक्कड़ से संत आनंद स्वामी तथा आजात आश्रम घिलौर से स्वामी संतोषानंद महाराज ने शिरकत की।
राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला की सहायक प्रोफेसर आरती ने पांच परिवर्तन विषय पर विचार रखते हुए शिक्षा, संस्कार, स्वावलंबन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभावना को मजबूत करने पर बल दिया। अंबाला विभाग कार्यकारिणी सदस्य मानसिंह मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम संयोजक अनिल अरोड़ा ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया।
संत आनंद स्वामी ने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है। उन्होंने लोगों से जाति-पाति और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर धर्म और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। वहीं स्वामी संतोषानंद ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी परंपराओं व नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज सेवा में आगे आने का आग्रह किया।