यमुनानगर। सात राइस मिलों में गबन के आरोप में गिरफ्तार राइस मिलर का आठ दिन का रिमांड बुधवार को पूरा हो गया है। रिमांड पूरा होने के बाद बुधवार को संदीप सिंगला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें कारागार में भेज दिया गया।
आठ दिन में राइस मिलर ने क्या जानकारी दी। यह बताने में पुलिस ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली है और किसी के बारे में कुछ भी बताने से पुलिस बच रही है। अब मामले में पुलिस रिकॉर्ड का मिलान करेगी। अब कौन से कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा उनकी सूची तैयार की जा रही है।
जानकारी के अनुसार धान के गबन के मामले में एक दिन पहले ही हैफेड ने सीनियर मैनेजर सलिंद्र, दो फील्ड इंस्पेक्ट राजेश व चंद्रमोहन और टेक्नीकल ऑफिसर अनिल को निलंबित किया था।
सभी की मेजर पेनल्टी में चार्जशीट भी तैयार की जा रही है। वहीं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग अभी तक अपने इंस्पेक्टरों पर पूरी तरह से मेहरबान दिख रहा है। डीएफएससी जतिन मित्तल की तरफ से पिछले माह ही व्यासपुर, प्रतापनगर व छछरौली के इंस्पेक्टर को चार्जशीट करने का मसौदा मुख्यालय भेज दिया था, परंतु अभी तक भी किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। राइस मिलर को पुलिस ने पहले छह दिन के और बाद में दो दिन के रिमांड पर लिया था। संवाद