हाथी द्वारा खराब की गई फसल को दिखाते किसान
- फोटो : अमर उजाला
खंड प्रतापनगर के कलेसर रेंज के अंतर्गत आने वाले गांव अराइयांवाला बीट के पास लगते जंगल के समीप किसानों के खेतों में हाथियों ने पिछले कई दिनों से उत्पात मचाया हुआ है।
हाथियों के झुंड रात के समय खेतों में उत्पात मचाते हैं और सोते हुए किसानों पर हमला तक करते हैं। किसानों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ रही है। किसानों ने वाइल्ड लाइफ, वन विभाग और कृषि विभाग के अधिकारियों से हाथियों से बचाव के उपाय अमल में लाने की गुहार लगाई है।
किसान बोले- भाग कर बचाई जान
किसान शिव कुमार, ओम कुमार, मदन लाल ने बताया कि उन्होंने खेत के किनारे 50 हजार रुपए की लागत से तार लगाई थी। हाथियों ने वह सारी तोड़ दी और वे खेतों में घुसकर फसल को खराब कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि बीती रात सभी अपने-अपने खेत में सोए हुए थे, तभी हाथी ने आकर उन पर हमला कर दिया।
उन्होंने किसी तरह हाथी से अपनी जान बचाई। हालांकि उनकी जान बच गई, किंतु रात को सोने के लिए बनाई गई झोपड़ी को हाथी ने बुरी तरह से नष्ट कर दिया और फसल को भी खराब कर दिया। घटना के बाद किसानों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जबकि इससे पहले भी किसानों द्वारा कई बार इस प्रकार की शिकायत की जा चुकी है।
वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक सुल्तान सिंह का कहना है कि किसानों की समस्या जायज है। हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। लेकिन वे इसमें कुछ नहीं कर सकते। क्योंकि हाथियों का पता नहीं चलता वह कब और किस दिशा से आ जाएं।