संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। बिजली निगम के जेई पर किसानों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने बिजली निगम कार्यालय का घेराव किया। यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर के अगुवाई में कार्यालय के समक्ष धरना दिया। बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। बाद में एसडीओ जीके आहूजा व मनीष शर्मा ने किसानों को समझाकर शांत कराया।
जिला अध्यक्ष गुर्जर ने आरोप लगाया कि बिजली निगम रादौर में कार्यरत जेई किसानों के साथ बदतमीजी से पेश आता है। जब किसान फोन करते हैं तो अभद्र व्यवहार करता है, इसलिए किसानों ने धरना दिया। बिजली निगम ही नहीं किसी भी सरकारी कार्यालय में किसान के मान-सम्मान को ठेस पहुंची तो किसान बर्दाश्त नहीं करेंगे। बिजली निगम कार्यालय में कुछ कर्मचारी किसानों के साथ ठीक व्यवहार नहीं करते।
उन्होंने बताया कि बिजली मंत्री अनिल विज ने एलान किया है कि जो ट्रांसफार्मर 15 दिन में नहीं बदला जाएगा तो जेई को निलंबित किया जाएगा, लेकिन कांजनू गांव के किसान का ट्रांसफॉर्मर चार माह से खराब है, जिससे किसानों की फसल का नुकसान हो रहा है। उनकी मांग है कि बिजली मंत्री विज मामले में कार्रवाई करें। इस मौके पर अशोक डांगी प्रधान रादौर, रविंद्रपाल सिंह, संदीप टोपरा, मनमोहन औजला, साहिल सेतिया, कुलविंद्र सिद्धू, महेंद्र कांबोज चमरोडी, विनोद डांगी, मदनलाल कांजनू, राजेश रतनगढ़, रमेश ढिल्लो, सुरेंद्र व अन्य किसान मौजूद रहे।