फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: खंभे गिरने से बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित

Fri, 07 Feb 2025 12:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

व्यासपुर। खंड के भट्टूवाला गांव के समीप सोम नदी में अवैध खनन किए जाने से बिजली के एक दर्जन खंभे टूट गए। इससे धनौरा गांव में बिजली आपूर्ति व पानी की समस्या खड़ी हो गई है। चार दिन बीत जाने के बाद भी बिजली निगम की तरफ से खंभे लगाने का कार्य नहीं किया है। इससे परेशान ग्रामीणों ने वीरवार को एकत्रित होकर पुलिस व बिजली निगम के अधिकारियों को मौके पर बुला समस्या का समाधान करने की मांग की।
धनौरा गांव के सरपंच होशियार सिंह, जसबीर सिंह, ईशम सिंह, महिंद्र सिंह, काला राम, शैंकी, प्रदीप, ऋषिपाल, कमल ने बताया कि उनके गांव धनौरा के साथ लगती भट्टूवाला गांव की पंचायती जमीन में अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। खनन माफिया गांव भट्टूवाला के समीप बह रही सोम नदी के किनारे व पंचायती भूमि पर अवैध खनन करते हैं।
विज्ञापन

बिजली निगम की हाई वोल्टेज लाइन गुजर रही है। इसी लाइन से गांव धनौरा को बिजली की सप्लाई दी गई है। रणजीतपुर क्षेत्र को सरकार ने रेड जोन घोषित कर रखा है। सोम नदी के समीप गहराई में अवैध खनन होने के कारण चार दिन पहले एक दर्जन खंभे गिर गए हैं। इससे उनके गांव में बिजली की सप्लाई व पीने के पानी की आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई।
इसके बारे में ग्रामीणों ने विभाग को शिकायत की तो निगम ने गांव की बिजली आपूर्ति दूसरे फीडर से जोड़ कर इसे चालू कर दिया। चार दिन गुजर जाने के बाद भी नलकूप में बिजली की सप्लाई नहीं हो पाई जिसके कारण ग्रामीणों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं को घर का दैनिक कार्य निपटाने व किसानों को पशुओं के पीने के पानी के लिए हैंडपंप के शोरायुक्त पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने परेशान होकर वीरवार को पुलिस विभाग, जनस्वास्थ्य विभाग के ऑपरेटर व बिजली निगम के जेई को भी सूचित किया। बिजली निगम के जेई ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आज चार दिन बीत जाने के बाद भी पोल नहीं लगवाए गए। ग्रामीणों ने अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जल्द लग जाएंगे खंभे : जेई
बिजली निगम के जेई लाभ सिंह का कहना है कि शीघ्र ही पोल दोबारा खड़े कर बिजली व पानी की सप्लाई सुचारू कर दी जाएगी। बिजली की आपूर्ति फिलहाल दूसरे फीडर से जोड़ कर की जा रही है।
विज्ञापन


आरोपियों के खिलाफ एफआईआर के लिए लिखा हुआ है। पटवारी की जमीन संबंधी रिपोर्ट न मिलने के कारण वे चाहकर भी कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों से शिकायत मिली है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है। - चंद्रकांत तिवारी, खनन अधिकारी यमुनानगर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें