यमुनानगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र की जम्मू कॉलोनी में 63 वर्षीय बुजुर्ग कोमल सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अपने कमरे में मृत पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने उसकी गला घोटकर हत्या करने का शक जताया है। जबकि पुलिस इत्तेफाकिया मौत होने की बात कह रही है। फिलहाल पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बोर्ड के माध्यम से शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा जांच के लिए लैब में भिजवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
मृतक कोमल सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। उनके कोई बच्चा नहीं है। यहां पर वह अपने भतीजे रोहित व पत्नी लक्ष्मी के साथ रहता था। उसने बकरी पाली हुई थी, जिससे ही उसका गुजारा चलता था।
सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कोमल सिंह की मौत हो गई है। मृतक के भतीजे ऋषिपाल का कहना है कि उन्हें फोन से सूचना प्राप्त हुई थी कि कोमल सिंह की मौत हो गई है। उन्होंने शव को देखा तो पुलिस को सूचना दी।
उसके गले पर निशान दिखाई दिए। जिससे हत्या की आशंका है। डॉक्टरों ने बोर्ड ने उसका मंगलवार को पोस्टमार्टम किया। उधर, पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टर ने बताया कि शरीर पर कोई निशान नहीं मिले हैं। जिससे मौत की वजह का पता नहीं लग सका। बिसरा लैब में जांच को भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा।
वर्जन
गांधीनगर थाना प्रभारी महरूफ अली ने बताया कि फिलहाल मृतक की पत्नी के बयान पर 194 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। शुरुआती जांच में इत्तेफाकिया मौत की बात सामने आई है। विसरा जांच के लिए लैब भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा। इसके बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।