छछरौली। रोडवेज बस की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग सतपाल सैनी की मौत हो गई। वे हड़तौली गांव के रहने वाले थे। सूचना मिलने पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा हड़ौली गांव के पास शेरपुर-लेदी रोड पर हुआ है। बताया जा रहा है सतपाल रोडवेज से इलेक्ट्रीशियन के पद से सेवानिवृत हुए थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे सवारियों से भरी रोडवेज की बस यमुनानगर की तरफ जा रही थी। हड़ौली के पास पहुंचने पर बस व साइकिल सवार सतपाल की टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगते ही सतपाल की आंखों व कानों से खून निकलने लगा। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है चालक दूसरी बस में बैठकर फरार हो गया। पुलिस चालक का पता लगा रही है। संवाद