संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राजकीय कॉलेजों में स्नातक की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए प्रबंधन व स्टाफ ने कवायद तेज कर दी है। इसके लिए वह प्रचार-प्रसार करने में जुटे हैं। इसके तहत अपने संपर्क वाले लोगों सहित कॉलेज पढ़ रहे विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों से आसपास के युवाओं को कॉलेज में दाखिला दिलाने का आह्वान हो रहा है।
इसमें कॉलेज में कम खर्च में कराए जा रहे कार्स व उपलब्ध सुविधाएं बताई जा रही हैं, जिससे अधिक से अधिक सीटों पर दाखिले हो पाएं। कॉलेजों में तीन चरण 24 जुलाई तक स्नातक की सीटों पर दाखिले हुए थे। इसके बाद भी जिले के राजकीय कॉलेजों में स्नातक की काफी सीटों पर दाखिले नहीं हो पाए।
इन रिक्त सीटों पर उच्च शिक्षा विभाग की ओर से 28 अगस्त तक दाखिला लेने की मोहलत मिली है। चूंकि हालात ये हैं कि राजकीय कॉलेजों में ज्यादातर स्नातक के कोर्स में 50 फीसद सीटें रिक्त पड़ी हैं, वहीं कई कोर्स में नाममात्र ही दाखिले हो पाए हैं। राजकीय कॉलेज आहड़वाला में बीए की 320 में 135, बीसीएम की 40 में 35, बीएससी की 40 में पांच सीटों पर दाखिले हुए।
वहीं बीकॉम की 80 में 40 व बीकॉम कंप्यूटर एप्लीकेशन की 20 में 12 सीटों पर दाखिले हुए। राजकीय कॉलेज प्रतापनगर में बीए की 60 में 26 व बीकॉम की 40 में छह सीटों पर दाखिले हुए। ऐसे ही राजकीय कॉलेज सरस्वतीनगर में बीए की 160 सीटों में 85 व बीकॉम की 80 सीटों में 35 पर दाखिले हुए। राजकीय कॉलेज प्रतापनगर में बीकॉम की 40 सीटों में नौ और बीए की 60 सीटों में 25 पर दाखिले हो पाए। अब दाखिले के लिए सात दिन और मोहलत मिलने पर स्टाफ को रिक्त सीटें भरने की उम्मीद जगी है।
कॉलेजों में स्नातक की रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए 28 अगस्त तक मौका है। इसमें ओपन कॉउंसलिंग से दाखिले होंगे। युवाओं से अपील है कि दाखिले के लिए मिले मौके का लाभ उठाएं और पसंद के कोर्स में अपने दाखिले सुनिश्चत करें। - सुमन बाला, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी।