साढौरा। नशा उन्मूलन के लिए शैक्षणिक संस्थान एक प्रभावी मंच साबित हो सकते हैं। नशा उन्मूलन के लिए डीएवी संस्था की ओर से आयोजित 100 कुंडीय हवन एक सराहनीय प्रयास है। व्यासपुर के एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने डीएवी पब्लिक स्कूल की ओर से प्राचीन लक्ष्मीनारायण मंदिर में आयोजित 100 कुंडीय हवन के दौरान यह बात कही।
मार्केट कमेटी के अध्यक्ष नवीन भसीन व नगरपालिका की अध्यक्ष शालिनी शर्मा ने इस दौरान मौजूद विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहने के अलावा नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आग्रह किया। एसएचओ प्रमोद कुमार ने बताया कि नशा विद्यार्थियों को कमजोर बनाने के अलावा समाज की नींव को खोखला कर रहा है। प्रिंसिपल अजय शर्मा ने बताया कि आर्य युवा समाज के अध्यक्ष योगी सूरी ने स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से यह मुहिम शुरु की है। इस दौरान सतीश टाया, सुमन घई, प्रेम भसीन, दिव्या बाली व कर्म सिंह राठी भी मौजूद रहे।
वहीं, डीएवी कॉलेज की तरफ से सैदूपुर के शिवमंदिर में 100 कुंडीय हवन किया गया। इस दौरान जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल संधू मुख्य अतिथि रहे। प्रिंसिपल तेजवीर सिंह ने बताया कि डीएवी संस्थाएं राष्ट्र निर्माण में सदैव अग्रणी रही है और नशा मुक्त भारत का संकल्प हमारे युवाओं के भविष्य को बचाने का संकल्प है। इस दौरान सैदूपुर के सरपंच अमन संधू, नवीन कमल संधू पेंसल, सुधीर भल्ला, डॉ. दर्शन लाल, डॉ. योगेश सिंह मोहन व डॉ. छत्रपाल सिंह भी मौजूद रहे।