फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: दिनदहाडे छात्रा से बालियां और नाक का कोका छीनीं

Wed, 11 Mar 2026 03:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
यमुनानगर। जिले में छात्राओं से मारपीट और लूटपाट की दो घटनाएं सामने आईं हैं। पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ओर जहां थाना बूड़िया क्षेत्र के गांव भोगपुर के पास दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा से लूटपाट कर मारपीट की गई, वहीं दूसरी ओर व्यासपुर क्षेत्र में एक निजी स्कूल के बाहर से 18 वर्षीय छात्रा को कार में डालकर अगवा करने का मामला सामने आया है।
विज्ञापन

पहले मामले में गांव भोगपुर गांव निवासी अहसान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी सरकारी स्कूल बूड़िया में दसवीं कक्षा की छात्रा है। सात मार्च को वह एसएसटी का पेपर देकर थ्री-व्हीलर से घर लौट रही थी। दोपहर करीब तीन बजे वह शाहजादपुर अड्डा पर थ्री-व्हीलर से उतरकर पैदल घर की ओर जा रही थी। इस दौरान पुलिया से थोड़ा आगे दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक आए और उसे पकड़कर जबरन कच्चे रास्ते की तरफ ले गए। यहां उन्होंने छात्रा से कानों से सोने की छोटी बालियां और नाक का कोका छीन लिया। शिकायत के अनुसार जब छात्रा ने शोर मचाते हुए विरोध किया और बालियां छीनने से रोकने की कोशिश की तो आरोपियों में से एक युवक ने उसे बेल्ट से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान दो अन्य युवकों ने बालियां निकालते समय उसकी स्कूल वर्दी भी फाड़ दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल के बाहर से छात्रा का अपहरण
दूसरे मामले में व्यासपुर के एक निजी स्कूल के बाहर से छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी 18 वर्षीय बेटी व्यासपुर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती है। नौ मार्च को वह रोजाना की तरह स्कूल गई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह छुट्टी के बाद घर जाने के लिए स्कूल के बाहर आई तो पहले से कार लेकर खड़े सागर, विकास, दीपांशु, काकू और फिरोज खान नामक युवकों ने उसे जबरदस्ती कार में बिठा लिया और वहां से ले गए। जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजन उसकी तलाश में स्कूल पहुंचे। वहां पूछताछ करने पर उन्हें घटना और आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पीड़िता के पिता ने पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इन दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें