जगाधरी। सदर जगाधरी के मानकपुर पेट्रोल पंप के पास से ई-रिक्शा में लिफ्ट लेकर दो युवकों व एक महिला ने चालक से 3500 रुपये व मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने अज्ञात युवकों व महिला पर केस दर्ज कर लिया है।
छछरौली के गनौली गेट निवासी आशीश ने सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ई-रिक्शा चालक है। मंगलवार रात को वह अपनी बहन के पास गुलाब नगर जा रहा था। रास्ते में मानकपुर पेट्रोल पंप पर वह पानी पीने के लिए रुक गया। जब वह पंप पर पानी पीने लगा तो वहां उसे दो युवक व एक महिला मिली। जो नशे में थे। आरोपियों ने उससे 50 रुपये मांगे। उसने उन्हें रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी तेलीपुरा मोड तक जाने के लिए उसकी ई-रिक्शा में बैठ गए। रात करीब साढ़े दस बजे जब वह उन्हें तेलीपुरा गुरुद्वारा के पास लेकर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट कर उससे मोबाइल व 3500 रुपये छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। सदर जगाधरी पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात युवकों व महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।