यमुनानगर। मामा के लड़के की शादी से घर लौट रहे प्रतापनगर क्षेत्र के गांव मांडेवाला निवासी सोहन राम-28 की बाइक को एक डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में सोहन लाल की मौत हो गई। हादसा जगाधरी पौंटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुहड़पुर कलां के नजदीक हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मांडेवाला निवासी मोहन लाल ने बताया कि शुक्रवार को उसका भाई सोहन राम अपनी बाइक से मामा के लड़के की शादी में गांव रूलाखेड़ी गया था। शादी के बाद देर शाम उसका भाई घर लौट रहा था। जगाधरी पौंटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग 73-ए पर जब उसका भाई गांव चुहड़पुर कलां के नजदीक पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने भाई सोहन राम को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टक्कर मारने के बाद बाइक सवार को कार
चालक ने घसीटा, मृतक की पहचान नहीं
जगाधरी। पुराना सहारनपुर रोड पर फतेहपुर फट्टेवाला पुल के पास कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक बाइक सवार को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेदा खादर निवासी महताब ने बुड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार को अपनी ससुराल गांव बीबीपुर आया था। बीबीपुर से वह सुबह निजी काम से लापरा जा रहा था। करीब साढ़े 12 बजे जब वह अपनी बाइक पर फतेहपुर फट्टेवाला पुल के पास पहुंचा तो तेज रफ्तार जाइलो कार ने आगे चल रहे एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक बाइक सवार को घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया। फिर मौके से फरार हो गया। उसने आसपास के लोगों की मदद से घायल हो अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुड़िया थाना प्रभारी मेमसिंह का कहना है कि आरोपी कार चालक पर केस दर्ज लिया गया है। मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।