संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। प्रचंड गर्मी वाले नौतपा के दिन रविवार को पूरे हो गए। नौतपा का अंतिम दिन अन्यों की अपेक्षा राहत भरा रहा। हालांकि रविवार को भी प्रचंड गर्मी रही, लेकिन यह दिन कुछ राहत भरा रहा। शनिवार शाम को बारिश के कारण मौसम में फर्क देखने को मिला। हवा में नमी होने से गर्मी के तेवर में भी नरमी रही।
वहीं तापमान में दो डिग्री की कमी रही। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान 19 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। शनिवार को हल्की बारिश ने लोगों को प्रचंड गर्मी से भारी राहत दिलवाई। इससे रविवार शाम को मौसम अच्छा रहा।
वहीं सुबह से दोपहर तक उमस भरी गर्मी रही। अन्य दिनों की अपेक्षा धूप हल्की रही। लेकिन 11 बजे के बाद लोग घरों में बंद हो गए। गर्मी व लू के कारण लोग घरों से नहीं निकले। जिसके चलते शहर की सड़कें व बाजार खाली नजर आए। लेकिन शाम को बाजारों में रौनक देखने को मिली। शाम को हवा में कुछ ठंडक रही, जिसका लोगों ने लुत्फ लिया। ऐसे में शाम को बाजारों में लोगों को घूमते देखा गया।
गर्मी के कारण लोगों का ठंडे खाद्य पदार्थों व शीतल पेय की तरफ बहुत बढ़ गया है। वहीं इन दिनों जिले स्विमिंग पूल पर भी लोगाें की भारी भीड़ जुट रही है। रविवार को भी शहर के तमाम स्विमिंग पूल पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। मौसम विभाग ने दो सप्ताह प्रचंड गर्मी का पूर्वानुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 जून तक पारा 46 डिग्री सेल्यिस पहुंच जाएगा, वहीं भयंकर लू चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को तापमान 44 डिग्री, मंगलवार को 43 डिग्री, बुधवार को 41 डिग्री, वीरवार को 40 डिग्री, शुक्रवार को 42 डिग्री, शनिवार को 43 डिग्री, रविवार को 44 डिग्री, सोमवार को 45 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।