जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर समता योग आश्रम के नजदीक सुपर टिंबर प्लाईवुड फैक्टरी में वीरवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर फैक्टरी में बायलर के पास पड़ा ज्यादातर बालन जल गया। इस दौरान बालन को एक तरफ कर रही एक जेसीबी में भी आग लग गई। जेसीबी में लगी आग को मजदूरों ने समय रहते बुझा लिया। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से फैक्टरी संचालक को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
फैक्टरी संचालक जगाधरी नवासी शानू गुप्ता ने बताया उनकी समता योग आश्रम के पास सुपर टिंबर प्लाईवुड फैक्टरी है। वीरवार दोपहर फैक्टरी में मजदूर काम कर रहे थे। बायलर में जलाने के लिए गन्ने की सूखी पत्ती की गांठें मंगवाई हुई थी। इन गांठों में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगी। वहां काम कर रहे मजदूरों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। तभी दमकल विभाग को फोन किया गया। जहां से दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। जब आग नहीं बुझी तो दमकल की दो और गाड़ियों को बुलाया गया। इसके अलावा वहां काम कर रहे मजदूरों ने भी आग बुझाने में काफी सहयोग किया। आग आगे न बढ़े इसलिए वह सूखी पत्ती की गांठों को एक तरफ कर रहे थे। गांठे ज्यादा थी और आग तेेजी से फैल रही थी। इसलिए जेसीबी को मंगवाया गया। जेसीबी चालक ने अभी काम शुरू किया ही था कि वह भी आग की चपेट में आ गई। जिसे मजदूरों ने देख लिया और समय रहते आग बुझा दी। वरना लाखों रुपये का नुकसान हो जाता। जब आग लगी तो उससे ठीक पहले वहां पर दो ट्रैक्टर-ट्रालियां सूखी पत्ती को उतार कर निकली थी। ऐसे में वह भी आग की चपेट में आने से बच गई। आग कैसे लगी अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।