रादौर। गांव बकाना में सोमवार की रात को रवि नाम का युवक नशे में 220 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। इस दौरान लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान कई लोगों ने उसे टॉवर से नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन वह नीचे नहीं उतरा। इसी बीच किसी ने रादौर पुलिस को इसकी सूचना द दी। करीब डेढ़ घंटे बाद युवक को नीचे उतारा गया। पुलिस ने युवक को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को आठ बजे युवक टॉवर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। युवक के ड्रामे की आवाज सुनकर लोग भी वहां पहुंच गए। जब लोगों ने उसे टॉवर से नीचे आनेे की अपील की तो वह और जोर-जोर से चिल्लाने लगा और कहने लगा कोई ऊपर नहीं आएगा। इसपर लोग घबरा गए और जब युवक नीचे आने से नहीं माना तो पुलिस को बुलाया गया। युवक टॉवर पर क्यों चढ़ा था इसके बारे में कुछ नहीं बताया है।