‘सही राह’ मुहिम नशा करने वालों को दिखाएगी रास्ता
आवासीय कैंप लगाकर नशा करने वालों को किया जाएगा जागरूक
नशा मुक्ति मुहिम ‘सही राह’ से जुड़ी सभी एनजीओ की पुलिस अधीक्षक ने ली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा ने नशा मुक्ति मुहिम ‘सही राह’ से जुड़ी सभी एनजीओ की बैठक ली। बैठक में सभी संस्थाओं का परिचय लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह जिले में नशे के खिलाफ अच्छी मुहिम है, मिलजुल कर हम सब इसे जारी रखेंगे। इसको और सटीक दिशा में लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि नशा प्रभावित क्षेत्रों तक हमें जल्द से जल्द पहुंचना है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम को बढ़ाने के लिए एनजीओ के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी चाहिए। पुलिस अकेले इस काम को नहीं कर सकती।
जनता भी पुलिस से सूचना साझा करे ताकि उस पर काम हो सके। उन्होंने कहा कि एनजीओ हेड व सदस्य प्रशंसा के पात्र है। जो बिना किसी लोग लालच के इस दिशा में काम कर रहे हैं। नशा प्रभावित जिन क्षेत्रों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई वहां भी पहुंचना है। वहां के मौजिज लोगों को जोड़ना है। एनजीओ रोल मॉडल का काम कर रही है। ऐसे ही पब्लिक भी नशा तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करे ताकि इनका धंधा सदैव के लिए बंद हो सके। इस मौके पर नशा मुक्ति अभियान के जिला संयोजक एडवोकेट सुशील आर्य व रिटायर्ड प्रिंसिपल विभा गुप्ता ने बताया कि वे लोग सबसे पहले नशा पीड़ित की पहचान करते हैं, फिर उन्हें प्रेरित करते हैं, इसके बाद इलाज शुरू करवाते हैं। फिर उन्हें आवासीय कैंप तक पहुंचाते हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले आवासीय कैंपों की तरह ही जल्द ही आवासीय कैंप लगाया जाएगा।