हथिनी कुंड बैराज से छोड़ जा रहा पानी। संवाद
यमुनानगर। जिले के साथ लगते उत्तराखंड-हिमाचल के पहाड़ी कैचमेंट एरिया में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। वहीं हथिनी कुंड बैराज पर जलस्तर घट गया है। शाम पांच बजे यमुना में 38,757 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। वहीं बारिश थमते ही यमुना व उसकी सहायक टौंस और गिरी नदी के जलस्तर में भी कमी आई है। बैराज से सोमवार को 38757 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया।
कंट्रोल रूम के मुताबिक उत्तर प्रदेश की पूर्वी नहर में डिमांड के मुताबिक 810 क्यूसेक और हरियाणा दिल्ली को जलापूर्ति करने वाली पश्चिमी यमुना नहर में 4500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक यमुना नदी के कैचमेंट एरिया के पुरोला, हरिपुर, जटौन बैराज, नौगांव, सभावाला, गंगुवाला, पांवटा साहिब आदि स्टेशनों पर सामान्य से कम बरसात हुई।