यमुनानगर। व्यासपुर में पंचायती राज विभाग का कारनामा देख कर हर कोई हैरान है। व्यासपुर में चौराही रोड पर जो नाला बनाया गया है उसके बीच में बिजली के पोल देख कर हर कोई हैरानगी जता रहा है।
एक बार तो इन्हें देख कर लगता है कि यह बिजली निगम की गलती होगी। निगम ने नाले के बीच में ही बिजली के पोल बना दिए। परंतु सच्चाई यह है कि पंचायती राज विभाग ने पोल को हटवाए बिना ही नाला बना दिया है। अब बिजली के पोल नाले के बीच में आ गए हैं। जिससे न केवल नाले में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी बल्कि सफाई करने में भी दिक्कत आएगी।
पंचायती राज विभाग व्यासपुर को डी-प्लान सात लाख रुपये मिलने थे। जिससे चौराही रोड पर ज्ञान मोहम्मद के घर से लेकर कपालमोचन रोड तक सड़क के एक तरफ पानी की निकासी के लिए नाला बनना था। पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने टेंडर के माध्यम से नाले का निर्माण कराया। अधिकारियों ने नाला तो बनवा दिया, लेकिन रास्ते में आने वाले बिजली के पोल को पहले नहीं हटवाया। अधिकारियों ने पोल हटवाने के बजाय ऐसे ही नाले का निर्माण करवा दिया। अब एक, दो या तीन नहीं बल्कि कई बिजली के पोल नाले के बीचोबीच आ गए हैं।
पानी में पोल रहने से करंट का खतरा ः पंचायत विभाग के अधिकारी नाले के बीच में बिजली के पोल लगे होने को छोटी-मोटी बात बता रहे हैं। परंतु उन्हें यह नहीं पता कि यह लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है। बारिश के दिनों में जलभराव होने से बिजली के पोल में करंट आने का खतरा बना रहता है।
ऐसी घटनाएं समय-समय पर जिले में होती भी रही हैं। फिर व्यासपुर में तो बिजली के पोल लगे ही नाले के अंदर हैं जिसमें 24 घंटे पानी बह रहा है। ऐसे में नाले के पानी में करंट आने का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ गया है। यदि नाले में करंट आया हुआ हो और कोई सफाई कर्मचारी इसकी सफाई कर रहा तो उसे भी करंट लग सकता है। वहीं आमजन या बच्चे भी इसकी चपेट में आ सकते हैं।