संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम ने वार्ड नंबर 19 स्थित विष्णु नगर कॉलोनी में ट्रिपल आर अभियान को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने घर-घर जाकर लोगों को अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी और उपयोग योग्य पुराने सामान को कूड़े में फेंकने के बजाय नगर निगम के आरआरआर वाहन में जमा करवाने की अपील की।
स्वच्छ भारत मिशन के आईईसी विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार और आकाश कुमार ने बताया कि घरों में रखे पुराने कपड़े, जूते-चप्पल, खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किताबें और अन्य उपयोगी वस्तुएं आरआरआर वाहन में जमा कराई जा सकती हैं। इन वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे कचरे की मात्रा कम करने के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।
अनावश्यक सामान को कूड़े में डालने के बजाय उसके पुनः उपयोग की दिशा में कदम बढ़ाना ही ट्रिपल आर अभियान का मुख्य उद्देश्य है। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पहल की सराहना की और भविष्य में आरआरआर वाहन के माध्यम से उपयोग योग्य सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि ट्रिपल आर अभियान स्वच्छता के साथ पर्यावरण और संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि उपयोग योग्य पुराना सामान आरआरआर वाहन में ही जमा कराएं। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से शहर को स्वच्छ, सुंदर और टिकाऊ बनाने के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।