संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रोटरी क्लब रिवेरा यमुनानगर की ओर से सोमवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालय मुकारमपुर के प्रधानाचार्य सतबीर चौहान कंप्यूटर सेट भेंट किया गया। इसके साथ ही खजूरी रोड स्थित गुरुकुल आश्रम शादीपुर पिंक टायलेट का सामान दिया गया। आचार्य डॉ. नरेश शास्त्री ने क्लब के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।
रोटरी क्लब रिवेरा यमुनानगर के अध्यक्ष संजीव सेठी का गुरुकुल में तिलक लगाकर स्वागत किया गया। संजीव सेठी ने कहा कि गुरुकुल में एक अलग ही उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्कूलों में दी जा रही शिक्षा और गुरुकुल में की जा रही पढ़ाई में जमीन आसमान का अंतर है। रोटरी क्लब का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज को स्वच्छता, शिक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में नई दिशा देना है।
सेठी ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षकों की अहमियत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान भगवान के बराबर होता है। एक अच्छा शिक्षक न केवल पढ़ाता है, बल्कि बच्चों के जीवन को संवारने का काम करता है। हमें अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करना चाहिए। रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा के कार्यों को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर रोटरी क्लब की तरफ से घनश्याम अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल, सतबीर चौहान, रितु सेठी, रचना अग्रवाल समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।