संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। संधाला गांव में रविवार रात बेसहारा कुत्तों के झुंड ने एक ग्रामीण की 35 से 40 भेड़ों को नोच खाया। वहीं, कुत्तों के हमले में पांच भेड़ें गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। प्रभावित ग्रामीण की ओर से मामले की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई। मृतक भेड़ों की पशु चिकित्सक ने जांच की। बाड़े में लगभग 70 भेड़ें थीं।
गांव संधाला निवासी हरिचंद ने बताया कि वह भेड़ पालन का व्यवसाय करता है। वह अपनी भेड़ों को घर के पास बने बाड़े में रखता है। जहां उसके पिता प्रकाशचंद भेड़ों की रखवाली करते हैं। रविवार रात मौसम खराब होने के कारण उसके पिता घर आ गए थे। इसी दौरान बेसहारा कुत्तों का झुंड बाड़े की दीवारें लांघकर अंदर घुस गए।
कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर उन्हें नोच खाया। इस कारण उसकी लगभग 35 भेड़ों की मौत हो गई और पांच भेड़ घायल हो गईं। सुबह जब वह बाड़े में गए तो उन्होंने देखा कि उनकी काफी भेड़ें मर चुकी थीं। भेड़ें मरने से उन्हें करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 15 दिन पहले ही वह दूसरे स्थान से अपनी भेड़ों को लेकर गांव आए थे।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उसकी मदद करे। मदद को लेकर वह कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से भी मिलेंगे। पिछले वर्ष कुत्तों के झुंड ने इसी प्रकार उनके छोटे भाई बंटी की भेड़ों पर हमलाकर 30 से 35 भेड़ों को मार दिया था। इससे कई लाख रुपये का नुकसान हुआ था। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने दो लाख रुपये की मदद कर उनके परिवार को सहारा दिया था।