संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खुद को सीआईएसएफ का उप निरीक्षक बताकर साइबर ठग ने जैन अस्पताल के डॉक्टर दिपन जैन से 124995 रुपये की साइबर ठगी कर ली। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-17 स्थित जैन अस्पताल के डॉक्टर दिपन जैन ने बताया कि उसका एक फ्लैट मनसा देवी कॉप्लेक्स सेक्टर पांच पंचकुला में है। उस फ्लैट को किराये पर देने के लिए एक वेबसाइट पर रजिस्टर किया था। फ्लैट को किराये पर लेने के लिए उसके पास लगातार फोन आ रहे थे। छह अप्रैल को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। आरोपी ने अपना नाम अनिकेत विजय बताया।
आरोपी ने उसे कहा कि वह सीआईएसएफ में उप निरीक्षक के पद पर है। उसकी हाल ही में अहमदाबाद एयरपोर्ट से चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हो गई है। उससे उससे फ्लैट किराये पर लेने की बात कही। उनकी 35 हजार रुपये प्रति माह किराये की बात तय हाे गई। अग्रिम राशि देने के लिए उससे बैंक खाता मांगा गया। उसने उसके व्हाट्सएप पर भारतीय स्टेट बैंक के अकाउंट का कैंसिल चेक भेज दिया।
आठ अप्रैल को आरोपी ने उसे पांच रुपये जमा करवाने की बात कही। इसके बाद उसके पास 50 हजार रुपये गूगल पे पर भेजने का संदेश आया। उसने अपना गूगल पे का पासवर्ड डाला तो उसके बैंक अकाउंट से 50 हजार रुपये कट गए। इसके बाद 49995 रुपये और बाद में 25 हजार रुपये कट गए। संवाद