संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में गर्मी से बचाने के लिए सेंट्रल एसी लगाया गया है। सेंट्रल एसी कभी चलता है तो कभी नहीं। ऐसे में डॉक्टरों को अपने केबिन में करीब 30 विंडो या फिर स्पिलट एसी लगवा रखे हैं। कई डॉक्टरों ने तो अपने केबिन में दो-दो एसी लगवा रखे हैं। इससे अस्पताल में बिजली खपत बढ़ने से बिल 10 लाख से बढ़कर 25 लाख पहुंच गया है।
प्रदेश सरकार ने 105 करोड़ रुपये खर्च कर 200 बेड का नया अस्पताल गत वर्ष बनाया था। इस राशि से चार से पांच मंजिला तीन ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें ए व बी ब्लॉक जिला अस्पताल के लिए व सी ब्लॉक सिविल सर्जन कार्यालय के लिए है। तीनों ही ब्लॉक में सेंट्रल एसी लगाया गया है।
जब से सेंट्रल एसी लगा है, तब से यह कभी चलता है तो कभी बंद रहता है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि सभी केबिन या कमरों में सेंट्रल एसी का कनेक्शन नहीं है। ऐसे में सेंट्रल एसी चल भी जाए तो उनके कमरों में गर्मी ही रहती है। इसलिए डॉक्टरों के केबिन में विंडो या फिर स्पिलट एसी लगाए गए हैं। कई केबिन तो ऐसे हैं जिनमें कोई डॉक्टर बैठता भी नहीं, लेकिन उनमें ऐसी लगा है।
मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल पहले 75 बेड का था। तब अस्पताल का हर माह का औसतन बिल 10 लाख रुपये आता था। अब नए भवन में छत में फॉल सिलिंग लगी है, जिसमें बहुत ज्यादा लाइट लगी हैं। कमरों की संख्या भी पहले से कई गुना ज्यादा बढ़ गई हैं। अस्पताल का कुल लोड 1500 किलोवाट पर पहुंच गया है। ऐसे में अस्पताल का हर माह आने वाला बिल 10 लाख रुपये से बढ़कर 25 लाख रुपये पर पहुंच गया है।
सभी केबिन में कनेक्शन नहीं : पीएमओ
जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि जिला अस्पताल व सिविल सर्जन कार्यालय में सेंट्रल एसी लगा हुआ है। सेंट्रल एसी के कनेक्शन सभी केबिन में नहीं हैं। सेंट्रल एसी बंद होता रहता है। इसलिए अलग से एसी लगवाए गए हैं।