यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल का बिल हर महीने 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है।गर्मियों में तो अस्पताल का लोड और भी ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में अस्पताल की तरफ से जिला नागरिक अस्पताल की छत पर सोलर पैनल युक्त पावर ग्रिड लगवाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य कल्याण समिति की बैठक में सोलर पैनल लगाने का प्रस्ताव पास किया गया है। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही असोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जिला नागरिक अस्पताल अब 100 से 200 बेड का हो चुका है। सरकार ने 105 करोड़ रुपये खर्च पांच मंजिला दो ब्लॉक बनाए हैं। इनके अलावा तीन मंजिला सिविल सर्जन कार्यालय का भवन भी बना है। पांच मंजिला अस्पताल अत्याधुनिक मशीनों वाले चार ऑप्रेशन थियेटर, एक लेबर रूम, बच्चों के लिए निकू वार्ड, 12 लिफ्ट, सैंकड़ों की संख्या में कमरे बने हैं जिनमें असंख्य लाइटें लगी हैं।
सबसे अधिक बिजली सेंट्रल एसी में खर्च हो रही है। सर्दी में यह गर्म हवा देता है और गर्मी में ठंडी। इससे अस्पताल के अंदर का तापमान सामान्य बना रहता है। अस्पताल बिजली की हॉट लाइन से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें 24 घंटे बिजली रहती है। पौने दो साल पहले अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन हुआ था।
तब से अस्पताल का हर बिल औसतन 10 लाख रुपये आ रहा है। पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे अस्पताल के अधिकारियों के लिए हर बार इतना भारी भरकम बिल भरना मुमकिन नहीं है। इसलिए अब इसकी छत पर सोलर पैनल लगाने का निर्णय लिया गया है। अस्पताल में लगाए जाने वाका पावर ग्रिड अस्पताल के लिए मुनाफे का सौदा भी साबित हो सकता है।
सोलर प्लांट से बनने वाली बिजली का इस्तेमाल अस्पताल अपने लिए कर सकेगा। इसके अलावा जो फालतू बिजली होगी उसे बिजली निगम के पावर ग्रिड को बेचा जा सकेगा। इस बेच कर जो यूनिट का जो हिसाब होगा उसे अस्पताल के बिल में एडजस्ट किया जा सकेगा। संवाद
अस्पताल का बिल काफी ज्यादा आने लगा है। इसलिए सोलर पैनल लगवाना अस्पताल की जरूरत हो गया है। इसके लिए स्वास्थ्य कल्याण समिति की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया है। प्रस्ताव मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद सोलर पैनल लगाने का काम शुरू होगा। - डॉ. नवजोत कौर टिवाणा, पीएमओ जिला नागरिक अस्पताल।