संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड 20 में रणजीत गार्डन में गली के मोड़ पर ट्रांसफार्मर लगाने का पार्षद विक्रम राणा ने स्थानीय लोगों के साथ कड़ा विरोध किया। इस दौरान बिजली निगम के जेई सुधीर और पार्षद के बीच कहासुनी हो गई। जेई ट्रांसफार्मर के खंभे लगाने पर अड़े थे तो पार्षद ने भी कह दिया कि ट्रांसफार्मर नहीं लगने देंगे। हंगामा होता देख मौके पर पुलिस भी आ गई। बाद जेई दूसरी जगह पर ट्रांसफार्मर लगाने को तैयार हो गए। नगर निगम की खाली पड़ी जगह पर खंभे लगाए।
पार्षद विक्रम राणा ने बताया कि रणजीत गार्डन में श्रीराम पार्क के पास रखे ट्रांसफार्मर से बिजली की सप्लाई होती है। वह बहुत दूर है, इसलिए रणजीत गार्डन में अक्सर लो वोल्टेज की समस्या रहती है। इस पर उन्होंने रणजीत गार्डन में नया ट्रांसफार्मर रखने की लिखित मांग जून माह में बिजली निगम कांसापुर के एसडीओ से की थी।
इसके बाद बिजली निगम के जेई रणजीत गार्डन में शिवालिक स्कूल जाने वाली गली के मोड़ पर नया ट्रांसफार्मर रखने के लिए आए थे। गली में जहां पर ट्रांसफार्मर रखा जा रहा था, वहां पर मोड़ है। वहां ट्रांसफार्मर लगने से रास्ता तंग हो जाता। वहां से रोजाना सैकड़ों लोग व स्कूलों में पढ़ने के लिए बच्चे आना जाना करते हैं। स्कूल बसें भी आती हैं। इसलिए वहां ट्रांसफार्मर रखे जाने से हादसा होने का खतरा था।
जेई किसी की सुनने को तैयार नहीं थे। उन्होंने मोड़ पर ही खंभे लगाने के लिए गड्ढे खोदवा दिए। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और उन्हें भी मौके पर बुला लिया। उनका आरोप है कि जेई ने जनप्रतिनिधि से अभद्र व्यवहार किया। विक्रम राणा ने बताया कि जहां पर ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है उसके पास ही नगर निगम की खाली जमीन पड़ी है। ट्रांसफार्मर वहां रखा जाए। जेई कह रहे थे कि उनका एस्टीमेट जहां का बना है, वह वहीं पर ट्रांसफार्मर लगाएंगे। इस बारे में उन्होंने मेयर सुमन बहमनी और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा को भी सूचना दी। बाद में जेई ट्रांसफार्मर की जगह बदलने को तैयार हो गए।