संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी में मंगलवार काे युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन राजनीतिक विज्ञान की प्रवक्ता नीरज गोयल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना, उनमें नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भारतीय संसद की कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबी के वरिष्ठ प्रवक्ता गुरविंद्र सिंह के स्वागत भाषण से हुई। इसके पश्चात छात्रों ने विभिन्न राजनीतिक दलों की भूमिका निभाते हुए संसद की कार्यवाही का सजीव मंचन प्रस्तुत किया। प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयक प्रस्तुतिकरण और बहस जैसे सत्रों को छात्रों ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। युवा प्रतिभागियों ने शिक्षा, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय सीमा सुरक्षा, पहलगाम आतंकवादी हमला, जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे और समाधान के सुझाव दिए। दर्शकों एवं निर्णायकों ने उनकी प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथिशादीपुर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र सैनी ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि युवाओं के भीतर एक जागरूक नागरिक की भावना को भी प्रबल करने में सफल रहा। इस अवसर पर प्रवक्ता राजेश वर्मा, नवीन कुमार, सपना, रजनी वर्मा, अर्जुन राजीव, वैभव, रजत, राकेश धीमान, भारती, किरण, रचना, श्वेता आदि मौजूद रहे।