संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से दो दिन पहले तेल व चीनी के वितरण किए जाने से बीपीएल कार्ड धारकों की अलग-अलग जगह डिपो पर लंबी कतारें लगी। इससे डिपो धारकों की परेशानी बढ़ी रहीं। माह के अंत के दो दिन पहले डिपो पर तेल व चीनी के वितरण से कार्ड धारकों को घंटों कतार में लगकर तेल व चीनी लेने पड़े।
बीपीएल कार्ड धारक देवेंद्र, कुलवंत सिंह, सुमन, कुसम, कमलेश, राहुल, सुलेख चंद ने कहा कि डिपो पर विभाग की ओर से माह के अंत में तेल व चीनी का वितरण किया जा रहा है। इससे कार्ड धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वृद्ध तो ऐसे हैं, जिनके अंगूठे का निशान न मिलने से परेशानी हुई।
चीनी व तेल के लिए अलग-अलग अंगूठे लगाने पड़ रहे हैं, जिससे अधिक परेशानी अंगूठे के निशान न मिलने वालों को हो रही है। सरकार राशन डिपो का भी एप जारी करे, जिससे लाभ लेने वाले के मोबाइल पर ही अंगूठा लग सके। सरकार से मांग है कि चीनी व तेल का वितरण माह खत्म होने के दस दिन पहले करे, जिससे किसी प्रकार की परेशानी न हो।