जगाधरी। शहर के समग्र विकास और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जगाधरी नगर निगम के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मेयर सुमन बहमनी ने की। बैठक में नगर निगम के विभिन्न पार्षद, अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में सभी वार्डों की मूलभूत समस्याएं जैसे जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वार्ड एक से पार्षद रीना रस्तोगी, वार्ड दो से अरुण पप्पू, वार्ड तीन से जयंत स्वामी, वार्ड पांच से पार्षद भानू राणा, वार्ड सात से पार्षद प्रियंक शर्मा आदि ने हिस्सा लिया। सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड की जनता की प्रमुख मांगों और शिकायतों को सामने रखा। जिनके समाधान के लिए मेयर बहमनी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मेयर सुमन बहमनी ने सभी अधिकारियों और पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाएं और नियमित रूप से अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।