संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी अनाज मंडी में ग्रामीण चौकीदार सभा का जिला स्तरीय सम्मेलन हुआ। इसमें ग्रामीण चौकीदारों की मांगों व समस्याओं पर सभा के पदाधिकारियों ने मंथन किया। साथ ही एलान किया कि 9 जुलाई की देशव्यापी हड़ताल में ग्रामीण चौकीदार बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन में सभा के महासचिव कलीराम ने कहा कि ग्रामीण चौकीदारों की मांगों व समस्याओं के प्रति सरकार गंभीर नहीं है। सरकार को सभा के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करनी चाहिए। ग्रामीण चौकीदारों को पक्का करने और तब तक न्यूनतम वेतन 26000 रुपये देने, चार लेबर कोड रद्द करने, हर माह सात तारीख तक वेतन देने, ईएसआई लाभ देने की मांगें लंबित हैं। इससे ग्रामीण चौकीदारों में रोष है।
संगठन को मजबूत करने के लिए 24-25 जून को सभा का दो दिवसीय 11वां राज्य सम्मेलन करनाल में होगा। सम्मेलन में सर्वसम्मति से दो वर्ष के लिए 11 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। इसमें सुशील कुमार प्रधान, रणजीत सिंह उपप्रधान, रामकरण सचिव, सुरेंद्र कुमार कोषाध्यक्ष, सुभाष हरनोल, विक्रम सिंह, रविंद्र कुमार, किरण पाल, प्रीतम सिंह सहसचिव व आजाद सिंह सलाहकार चुने गए। अध्यक्षता रणजीत सिंह ने की। संचालन विक्रम सिंह ने किया। इस मौके पर बलबीर सिंह, सुरेंद्र, बानो, कृष्णा, प्रदीप, चुहड़ सिंह, श्यामलाल मौजूद रहे।