संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को जल्द डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलेगी। इसके लिए अस्पताल में नई डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन आई है। इस मशीन के आने से मरीजों को काफी फायदा होगा। इससे उन्हें न केवल एक्सरे की रिपोर्ट जल्द मिलेगी बल्कि पहले से ज्यादा सटीक एक्सरे फिल्म मिलेगी।
यह मशीन पावर ग्रिड ने सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराई है। मशीन को इंस्टाल करने के बाद बाद मरीजों के डिजिटल एक्सरे होने लगेंगे। जिला नागरिक अस्पताल में फिलहाल कैसेट रेडियोग्राफी मशीन है। इसमें एक्सरे करने के लिए कैसेट डालनी पड़ती है। फिल कैसेट को कंप्यूटर से अटैच मशीन में डाला जाता है।
इसके बाद ही मरीज को ब्लैक फिल्म पर एक्सरे रिपोर्ट दी जाती है। इस पूरी प्रक्रिया में औसतन छह मिनट लगते हैं। कई बार एक्सरे निकालने में इससे ज्यादा समय भी लग जाता है।
परंतु डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन से एक्सरे करने में दो से तीन मिनट ही लगेंगे। इस मशीन में कैसेट डालने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। जिला अस्पताल में रोजाना 150 एक्सरे होते हैं।
एक्सरे करने के लिए कर्मचारी को बार-बार कंप्यूटर से उठ कर मशीन तक जाना पड़ता है। वह पहले मरीज को लिटाता है और फिर शरीर के उस हिस्से के नीचे कैसेट रखता है जिसका एक्सरे करना है। कई बार तो सारा काम करने के बाद जब कैसेट कंप्यूटर में लगाई जाती है तो पता चलता है कि एक्सरे करने के दौरान मरीज हिल गया था। इससे एक्सरे भी साफ नहीं आता।
ऐसे में उसका दोबारा एक्सरे करना पड़ता है। नई मशीन आने से एक्सरे करने के दौरान प्रिव्यू सीधे स्क्रीन पर दिखेगा। इससे पता चल जाएगा कि एक्सरे ठीक है। एक क्लिक करते ही एक्सरे हो जाएगा। वहीं रेडियोग्राफर एक्सरे को अपलोड करके डॉक्टर की आईडी पर भेजते हैं। इसमें काफी समय लगता है। डिजिटल एक्सरे होने से यह सारा समय बच जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में नई डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन आई है। इससे एक्सरे मिलने में कम समय लगेगा। एक्सरे पहले से ज्यादा साफ होगा, जिसमें छोटा सा फ्रेक्चर भी साफ दिखेगा। जल्द ही मशीन को लगवा दिया जाएगा। -डॉ. नवजोत किरन टिवाना, पीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल।