संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। ट्रेन में पश्चिम बंगाल से गांजा लेकर आया दिव्यांग युवक राजकीय रेलवे पुलिस के हत्थे चढ़ गया। युवक के पास से पुलिस ने पांच किलोग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी गोपीनाथ बर्मन पश्चिम बंगाल के कूच बिहार का रहने वाला है। वह कूच बिहार से गांजा यहां बेचने आया था। इससे पहले वह स्टेशन से बाहर जाता उसे पुलिस ने पकर लिया।
पुलिस ने आरोपी को जगाधरी में न्यायाधीश रिषभ अग्रवाल की अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के तार बड़े तस्करी गिरोह से जुड़े हैं।गांजा तस्करी और आरोपी के बारे में पुलिस के पास पहले से सूचना थी और पुलिस पहले से ही आरोपी को दबोचने के लिए तैयार थी।
आरोपी ट्रेन से उतर कर चुपचाप यात्रियों के बीच में बैठ गया और वहां बाहर निकलने की तैयारी में था। परंतु सूचना के अनुसार राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने गांजा सहित युवक धर लिया। राजकीय रेलवे पुलिस के एसआई बौद्ध राज ने बताया कि उनके पास गांजा तस्करी की होने की सूचना थी।
इसके लिए पुलिस कई दिन से तस्करों को पकड़ने की योजना बना रही थी। इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि एक युवक पश्चिम बंगाल से काफी मात्रा में गांजा लेकर पहुंच रहा है। इस पर टीम बनाई गई। इसमें आरपीएफ की सीआईवी टीम के उपनिरीक्षक विकास, जीआरपी से एसआई सोमनाथ, एएसआई बलजीत सिंह, साहिल, उपेंद्र डांगी, एसपीओ जाकिर बेग को लेकर टीम बनाई गई।
इस दौरान गोपीनाथ बर्मन उन्हें मिल गया। तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि वह 13 मई को कूच बिहार से यमुनानगर जगाधरी स्टेशन की टिकट लेकर निकला था। वह लोहित एक्सप्रेस से यहां पहुंचा था।
दिव्यांग होने का उठा रहा था फायदा
गांजा तस्करी का आरोपी गोपीनाथ बर्मन शारीरिक रूप से निशक्त है। गोपी के दोनों पैरों में विकार है और सही से चल नहीं पाता है। अपने इसी विकार का लाभ उठाकर वह गांजा की तस्करी कर रहा था। चूंकि उस पर कोई शक नहीं करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि गोपीनाथ करीब तीन साल पहले यहीं प्लाईवुड फैक्टरी में काम करता था। परंतु शारीरिक निशक्ता के कारण वह पूरी तरह काम के योग्य नहीं था। इस कारण वह ज्यादा दिन काम पर टिक नहीं पाया। इस दौरान उसने देखा कि श्रमिक गांजा का नशा करते हैं। इसके बाद उसने गांजा लाकर बेचने की योजना बनाई। जांच के अनुसार वह करीब तीन बार गंजा लाकर बेच चुका है। निशक्त होने के कारण उस पर जल्दी से कोई शक नहीं करता था। अपनी निशक्ता का लाभ लेकर वह गांजा की तस्करी करने लगा।
रेलवे स्टेशन पर पुलिस गिरफ्त में आरोपी व जमीन पर पैकेट में पड़ा गांजा। प्रवक्ता