संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। देवउठनी एकादशी दो नंवबर को है। इसके साथ विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश, भूमि पूजन, यज्ञोपवीत संस्कार सहित तमाम मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु अपनी चार महीने की योग-निद्रा से जागते हैं। इसके बाद वे पुन: सृष्टि का संचालन अपने हाथ में ले लेते हैं।
भगवान विष्णु के योग निद्रा से जागने के साथ चार माह से रुके मांगलिक कार्य होने लगेंगे। ज्योतिषाचार्य पंडित महेश शांडिल्य ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार चातुर्मास के दौरान सभी शुभ और मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाती है। यह अवधि जुलाई में शुरू होती है और लगभग 122 दिन तक चलती है। देवउठनी एकादशी के दिन से शुभ कार्यों की पुनः शुरुआत होती है।
देवउठनी एकादशी के बाद पंचांग के अनुसार इस बार दो महीने में विवाह के 17 शुभ मुहूर्त हैं। वहीं, मार्च तक 29 दिन शादियों के लिए मंगलकारी होंगे। इन मुहूर्त में लोग विवाह, मुंडन इत्यादि सभी संस्कार कर सकेंगे। पंडित रमन वत्स ने बताया कि देवउठनी एकादशी से दिसंबर तक विवाह के कुल 17 मुहूर्त हैं। इसमें चार मुहूर्त गृह प्रवेश के लिए अत्यंत शुभ हैं।
वहीं छह मुहूर्त नया व्यवसाय शुरू करने के लिए उत्तम व लाभकारी हैं। दो व तीन नवंबर, पांच, आठ नवंबर, 12, 13, 16 से 18 के बाद 21 से 23 और 25 व 30 नवंबर पर विवाह के लिए शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद चार से छह दिसंबर को भी विवाह के शुभ संयोग बन रहे हैं। नया व्यवसाय शुरू करने के लिए नवंबर में तीन, सात, आठ व दस तिथि के साथ 27 व 30 को शुभ मुहूर्त है।
शादियों से बाजार में बढ़ी रौनक
शादियों का सीजन करीब आने से बाजारो में रौनक भी बढ़ गई है। बाजार में कपड़ों, साड़ी-लहंगा, सर्राफ, ज्वैलरी, होजरी की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही हैं। शादी वाले घरों में इसकी अलग ही रौनक दिख रही है। शादी वाले घर की महिलाएं परिधान व अन्य सामान की खरीदारी में व्यस्त हैं। इसके साथ ही सौंदर्य प्रसाधनों की मांग भी बढ़ने लगी है।
बैंक्वेट हॉल, होटल और टेंट बुक
शादियों को लेकर लोगों ने बैंक्वेट हॉल व होटलों की बुकिंग पहले से ही कर ली है। इसके साथ ही टेंट वालों की भी लोग बुकिंग कर रहे हैं। इसके अलावा ब्यूटी पार्लर और सैलून पर भी शादियों के लिए एडवांस बुकिंग की जा रही है। ब्यूटी पार्लर संचालक सोनिया ने बताया कि उनके पास दुल्हन के रूप सज्जा के लिए ऑर्डर आ रहे हैं। कई दिन तो ऐसे हैं, जिसमें एक साथ चार-चार बुकिंग उनके पास है। सैलून संचालक फैजान ने बताया कि दूल्हे के विभिन्न तरह के मेकअप हेयर कटिंग, मसाज, फेशियल, हेयर स्पा इत्यादि के लिए अभी से बुकिंग की जा रही है।