संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से जगाधरी बस स्टैंड के नजदीक नंद लाल ग्राउंड में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जैसे ही भगवान श्री कृष्ण के प्राकट्य का दृश्य जीवंत हुआ श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमने लगे।
कथा व्यास साध्वी कालिंदी भारती ने बताया कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब परमात्मा किसी न किसी रूप में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने समाज में बढ़ती नशाखोरी, कन्या भ्रूण हत्या और नैतिक मूल्यों के ह्रास पर प्रहार करते हुए कहा कि आज का मानव भौतिकता की चकाचौंध में अपनी जड़ों को भूलता जा रहा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल कथा सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि भगवान के आदर्शों को जीवन में उतारकर एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना ही सच्ची भक्ति है।
कार्यक्रम का विधि-विधान से शुभारंभ मुख्य यजमानों सुरेश गुप्ता , राजिंदर छाबड़ा, रवीन महिंद्रा और रवि सोनी के परिवारों द्वारा व्यास पीठ के विशेष पूजन और वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर अमर सिंह सदस्य एचएसएसी, अनिल अग्रवाल वरिष्ठ नेता बीजेपी, डॉ. सर्जीवन गर्ग, मंजू गर्ग, गौतम गांधी,अश्वनी छाबड़ा, पूनम छाबड़ा, वरिंदर मेहंदीरत्ता परिवार सहित, रमेश मित्तल एवं प्रीति मित्तल सहित इनर व्हील क्लब के सभी सदस्य, सुरेंद्र राणा मेम्बर ब्लॉक समिति सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने ज्योति प्रज्वलन की रस्म को निभाया।
कथा के समापन पर सभी मुख्य अतिथियों और यजमानों ने मिलकर आरती की और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया।