व्यासपुर। कपालमोचन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा सुरक्षा कवच मिलेगा। यह बीमा कपालमोचन और आदिबद्री मेला क्षेत्र के लिए लागू होगा। 20 नवंबर से शुरू होने वाले पांच दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके तहत तीनों पवित्र सरोवरों के पास विश्राम सराय भी बनाई गई हैं।
मेले में हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित कई राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालु कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड सरोवर में स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने दुर्घटना बीमा की व्यवस्था की है। मेला क्षेत्र में किसी दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित बीमा शर्तों के अनुसार पीड़ित को राहत मिल सकेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीनों सरोवरों के आसपास विश्राम सराय बनाई गई हैं। यहां श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के बाद आराम कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को राहत मिलेगी। प्रशासन की ओर से मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की तैयारी की जा रही है।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि कपालमोचन और आदिबद्री मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर दिया गया है। तीनों सरोवरों के पास विश्राम सराय बनाई गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं मिलें, ताकि वे सुखद अनुभव लेकर लौटें।