संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वार्ड नंबर 10 स्थित विश्वकर्मा मोहल्ला में करीब 16 लाख 28 हजार 673 रुपये की लागत से विभिन्न गलियों एवं नालियों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम की ओर से इस योजना को लेकर निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निविदा आवंटित होते ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिए जाएंगे।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि विश्वकर्मा मोहल्ला क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और जल निकासी व्यवस्था को लेकर स्थानीय निवासियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। बरसात के मौसम में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह विकास योजना तैयार की है।
मेयर ने बताया कि योजना के तहत शमी टेलर की दुकान से पंकज के घर तक सड़क एवं नाली का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा लकी जायसवाल के घर के साथ वाली सड़क, रंजीत सिंह के घर से सटी सड़क तथा रोशन लाल मित्तल के घर से इंदरजीत के घर तक नालियों का निर्माण प्रस्तावित है। सभी कार्य तय मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे, ताकि भविष्य में समस्या न आए।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। नगर निगम का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में सुविधाओं को मजबूत करना है।