संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीसी पार्थ गुप्ता ने शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए अपने कार्यालय में बैठक की। इसमें नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, एचएसवीपी व हरियाणा राज्य विपणन बोर्ड व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान डीसी ने निर्देश दिए कि शहर को मॉडल के रूप में विकसित किया जाए।
डीसी ने निर्देश दिए कि शहर के पार्कों, स्टेडियम, शौचालयों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता का ध्यान रखें। आर्ट एंड कल्चर, पेंटिंग, गमलों के माध्यम से शहर का सुंदरीकरण किया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर कैमरे लगवाए जाएं। शहर के बीच राजमार्गों व अन्य सड़क को दुरुस्त करने व उन पर समुचित रोशनी की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में स्वच्छता का विशेष प्रबंध किया जाए। नियमित साफ-सफाई कराई जाए। शहर में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएं। लाइटिंग की व्यवस्था बेहतर की जाए, डिवाइडर व पार्कों की स्थिति सुधारी जाए रन फॉर स्वच्छता, नुक्कड़ नाटक व राहगिरी कार्यक्रम कर स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जाए। इस दौरान नगर निगम के आयुक्त आयुष सिन्हा, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।