संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रक्षाबंधन के लिए रोडवेज ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। ऐसे में पर्व पर महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त यात्रा पर विभाग की पैनी नजर रहेगी। इसको लेकर विभाग ने कई स्पेशल टीमें बनाई हैं।
इन टीमों में छह इंस्पेक्टर, दो सीआई और 11 सब इंस्पेक्टर शामिल हैं। ये टीमें खासकर यात्रा के दौरान अन्य मुफ्तखोरों की जांच तो रखेंगे साथ ही उनसे मौके पर ही दस गुणा किराया भी वसूल करेंगे।
यमुनानगर रोडवेज डिपो में वर्तमान में 149 बसें हैं, जिनमें से अकसर 132 ऑनरूट रहती हैं। लेकिन रक्षा बंधन पर्व को देखते हुए सभी 149 बसों को इस दिन मार्ग पर उतारा जाएगा। वहीं, पर्व को देखते हुए बसों की सर्विस व अन्य जांच रोडवेज वर्कशाॅप में की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान यात्रियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, रक्षा बंधन को लेकर यमुनानगर व जगाधरी दोनों बस स्टैंडों पर पुलिस की जिप्सी भी तैनात रहेगी।
मुफ्त यात्रा होने के चलते रक्षा बंधन पर्व पर गंतव्य की ओर जाने वाली महिलाओं की तीन गुना भीड़ हो जाती है। ऐसे में महिलाओं को बस स्टैंड से बस में बैठने की होड़ लगी रहती है। महिलाओं को बस में चढ़ते समय कोई दिक्कत न आए इसको देखते रोडवेज कर्मचारी उनका सहयोग करेंगे। वे खुद महिलाओं उनके सामान के साथ बस के अंदर तक बिठाएंगे। खासकर बुजुर्ग महिलाओं का ज्यादा ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा सभी बसों में पानी के कैंपर की व्यवस्था भी रहेगी।
पर्व को लेकर विभाग ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। यात्रा के दौरान कर्मचारी महिलाओं का सहयोग करेंगे। इसके अलावा अन्य मुफ्तखोरों पर भी नजर बनी रहेगी। इसके लिए हमारी टीमें तैयार है। -वी शंकर, चीफ इंस्पेक्टर रोडवेज यमुनानगर।