संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में पांच व सात साल के दो बच्चे डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। दोनों को बुखार होने के बाद उनके रक्त की जांच लैब में कराई गई थी। जिसके बाद दोनों को डेंगू होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंची। परंतु चिट्टा मंदिर शांति कॉलोनी में रहने वाली सात साल की बच्ची का घर नहीं पता चला। बच्ची के परिजन का मोबाइल भी बंद है।
वहीं दड़वा माजरा में पांच साल के बच्चे के घर पर टीम ने जांच की। जांच के दौरान घर में डेंगू मच्छर का लारवा मिला। जिले में अब डेंगू के कुल पांच केस हो गए हैं। इससे पहले तीन केस मिले थे। दड़वा माजरा में रहने वाला पांच साल का बच्चा अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है।
उसके परिजनों व घर के आसपास रहने वाले लोगों के रक्त के नमूने लिए गए। नमूनों की जांच लैब में कराई जाएगी। साथ ही लारवा को खत्म करने के लिए दवा का स्प्रे भी कराया गया। जहां यह बच्चा रहता है वहां पर ज्यादातर लोग डेहा बस्ती के हैं। इसलिए मच्छर जनित बीमारियों को लेकर उनमें जागरूकता नहीं है। कई जगह बर्तनों में जमा पानी मिला, जिसमें लारवा पनप रहा था।
उधर चिट्टा मंदिर शांति कॉलोनी की जिस बच्ची को डेंगू हुआ है, उसके परिजनों के मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन नंबर बंद आया। इसके बाद टीम कॉलोनी में पहुंची और बच्चे के बारे में जानकारी ली। इस नाम का कोई बच्चा कॉलोनी में नहीं मिला।