संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिन प्रतिदिन घटते वोट प्रतिशत पर चुनाव आयोग को सख्त रवैया अख्तियार करते हुए वोट न डालने वाले मतदाता के खिलाफ जुर्माने का प्रावधान करना चाहिए। इसके अलावा जो मतदाता अपने मत का प्रयोग करता है उसे प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। यह मांग मुख्य चुनाव आयुक्त को भेजे पत्र में ग्रीन पार्क कॉलोनी वेलफेयर एसोसिएशन ने की है।
एसोसिएशन के प्रधान दविंद्र मेहता ने कहा कि देशभर में चुनावों पर अरबों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन वोट प्रतिशत दिन प्रतिदिन कम होना बहुत चिंतनीय है। इस पर गंभीरता से विचार विमर्श करने की अति आवश्यकता है। चुनावों पर खर्च होने वाला पैसा भी आम जनता का ही है और जनता ही इस पैसे की बेकद्री वोट न डालकर कर रही है।
वोट प्रतिशत का कम होना विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। देशभर में लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनाव होते हैं और इन तीनों प्रकार के चुनाव में वोट प्रतिशत कम हो रहा है। चुनाव आयोग को मतदाता की जिम्मेवारी तय करनी होगी तभी मतदान प्रतिशत बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को सख्त निर्णय लेते हुए तीनों प्रकार के चुनाव में वोट न डालने वाले संपन्न परिवार के मतदाता के विदेश जाने पर रोक लगा देनी चाहिए। इस अवसर पर विनोद सेठी, नरेश मेहता, जगमोहन डल, धीर सिंह सैनी, कृष्ण लाल भाटिया, ओम प्रकाश भाटिया, स्वर्ण सिंह, ओम प्रकाश कपूर उपस्थित रहे।