संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भाजपा नेता एवं अंबाला लोकसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रहे जगदीश मैहरमपुर ने हरियाणा में अनुसूचित जाति (एससी) आयोग का गठन जल्द करने और उसका चेयरमैन उत्तरी हरियाणा से बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक एससी आयोग का गठन नहीं हुआ है, जिसके कारण आयोग से संबंधित मामलों के समाधान में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आयोग के अभाव में अनुसूचित जाति से जुड़े कई मामले लंबित पड़े हैं।
जगदीश मैहरमपुर ने हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह किया कि जब भी सरकार एससी आयोग का गठन करे तो चेयरमैन उत्तरी हरियाणा से बनाया जाए। उन्होंने कहा कि अब तक आयोग का चेयरमैन उत्तरी हरियाणा से नहीं बनाया गया है, जबकि इस क्षेत्र में अनुसूचित जाति समाज की आबादी काफी अधिक है।