यमुनानगर। राजकीय अध्यापक संघ-70 हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चेयरमैन यशपाल ढांडा और जिला प्रधान अनिल कंबोज के नेतृत्व में पूर्व शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर से मुलाकात कर नई शिक्षक स्थानांतरण नीति में प्रस्तावित शर्तों पर आपत्ति दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से ब्लॉक में 15 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अध्यापकों के अनिवार्य स्थानांतरण की शर्त को हटाने की मांग की।
संघ के राज्य चेयरमैन यशपाल ढांडा ने कहा कि ब्लॉक में 15 वर्ष पूरे करने वाले शिक्षकों का अनिवार्य स्थानांतरण अव्यवहारिक और असंवैधानिक है। इससे ब्लॉक स्तर पर अध्यापकों की भारी कमी हो जाएगी और कई स्कूल अध्यापक विहीन होने की स्थिति में पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, ऐसे में यह शर्त शिक्षा व्यवस्था को और कमजोर करेगी।
संघ के जिला महासचिव खेमलाल सैनी ने स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान सभी स्कूलों में सभी विषयों की कैप्ट पोस्ट खोलने की भी मांग रखी, ताकि संतुलित ढंग से अध्यापकों की तैनाती सुनिश्चित हो सके। संघ पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जल्द ही कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात कर अपनी बात रखी जाएगी।