यमुनानगर। जिले के अतिथि अध्यापकों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को विधायक घनश्याम दास अरोड़ा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय से संबंधित अतिथि अध्यापकों के मामले में आया निर्णय शीघ्र क्रियान्वयन की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व हरियाणा सीएम विंडो सेल के प्रभारी अशोक चनेटी ने की। इस दौरान अतिथि अध्यापकों ने विधायक को अपनी मांगों से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से कहा गया कि अतिथि अध्यापक करीब दो दशक से शिक्षा व्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनके हितों से जुड़े न्यायालय के निर्णय पर सरकार द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
विज्ञापन
अतिथि अध्यापक नेता शिव सांगवान ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय से संबंधित मामले में जो भी वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रिया निर्धारित है, उसे जल्द पूरा कर निर्णय के अनुरूप कार्रवाई की जाए, ताकि अतिथि अध्यापकों को राहत मिले।
इस दौरान विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांग सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथि अध्यापक उपस्थित रहे।
-